हैदराबाद में कला पारखियों के बीच छत्तीसगढ़ी लोक वाद्यों का जादू जगाया रिखी और उनकी टीम ने
1 min read
भिलाई। हैदराबाद में रविवार को संपन्न हुए राष्ट्रीय लोक मंथन के चार दिवसीय आयोजन में प्रख्यात लोकवाद्य संग्राहक रिखी क्षत्रिय ने देश भर की कला-संस्कृति बिरादरी के बीच छत्तीसगढ़ी लोकवाद्यों का जादू जगाया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पूर्व उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत, छत्तीसगढ़ के संस्कृति मंत्री केदार कश्यप और मध्यप्रदेश के संस्कृति राज्यमंत्री धर्मेंन्द्र सिंह लोधी सहित कई विशिष्ट लोगों ने इस आयोजन में भागीदारी दी।
रिखी क्षत्रिय के संग्रहित किए गए लोकवाद्यों की विशेष प्रदर्शनी यहां लोक मंथन में लगाई गई थी। जिसे देश भर से पहुंचे लोगों ने खूब पसंद किया। कला पारखियों और विद्यार्थियों ने इन लोक वाद्यों के बारे में रिखी क्षत्रिय व उनके समूह से जानकारी ली। वहीं रिखी क्षत्रिय व उनके समूह ने यहां तीन दिन तक अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। रिखी के साथ इस दल में रामकुमार निषाद , भोलाराम, उग्रसेन, देवदास, रामकुमार पाटिल, डोरेलाल, कुलदीप सार्वा, दिनेश वर्मा, अजित, राजेश, कमल ,शिवम, सुनील ,नवीन ,प्रदीप ,प्रमोद ,पारस ,संजीव कुमार ,भिमेष और वेद प्रकाश शामिल हैं।
