सिंगापुर के निवेशकों को सीएम साय ने छत्तीसगढ़ आने का दिया न्योता, गिनाईं संभावनाएं
1 min read
रायपुर-सिंगापुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सिंगापुर दौरे के दूसरे दिन सिंग फोरम के मंच पर उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से संवाद किया और उन्हें छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने राज्य की औद्योगिक क्षमता, प्राकृतिक संसाधनों और निवेश की संभावनाओं से अवगत कराया।

साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब खनिज और पारंपरिक उद्योगों तक सीमित नहीं है, बल्कि तकनीक, नवाचार और वैश्विक निवेश के लिए भी तेजी से उभर रहा है। सरकार संसाधनों और आधुनिक तकनीक के समन्वय से राज्य को देश के प्रमुख औद्योगिक एवं निवेश केंद्रों में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सिंगापुर की तकनीकी दक्षता और शहरी विकास का अनुभव छत्तीसगढ़ की औद्योगिक क्षमता के साथ मिलकर नई विकास संभावनाएं खोल सकता है। राज्य सरकार निवेशकों को अनुकूल नीतिगत वातावरण और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
